Saturday 30 June 2012

खून पर भारी पड़ा दूध का रिश्ता


निज प्रतिनिधि, सोनो : सड़क दुर्घटना में घटनास्थल से अन्य घायलों के साथ बेहोशी की हालत में अस्पताल लाई गई बसंती देवी को सुबह पांच बजे होश आया तो सबसे पहले उसने अपनी तीन माह की बेटी गूंजन को खोजा। गूंजन उस समय कमली देवी की गोद में थी। जब बसंती को बताया गया कि उसकी बेटी को इस दुर्घटना में खरौच भी नहीं आई है तो उसका कलेजा ठंडा हुआ। वहीं दूसरी ओर बसंती का पति राजू तूरी भी गंभीर रूप से अस्पताल में पड़ा था। ससुर सीतो तूरी की मौत हो चुकी थी।
गंभीर रूप से खुद घायल बसंती का ममत्व व मातृत्व तब जाग उठा जब उसने रोती हुई बेटी को देखा। अस्पताल में मौजूद नर्स ने बसंती के बगल में बेटी को लिटा दिया और नन्हीं गूंजन मां का दूध पीने के लिए हाथ-पांच चलाने लगी। घायल बसंती का दर्द मानो बेटी को दूध पिलाकर दूर हो गया। खून से लथपथ एक मां का उसकी संतान के लिए दूध से बड़ा कोई रिश्ता शायद इस दुनियां में नहीं। बसंती व गूंजन को देखकर ऐसा ही लगा।
मोक्ष प्राप्ति के लिए जा रहे भक्तों पर बरपा कहर
सोनो : 55 वर्षीया सोनिया देवी पर महारानी मैया की कृपा है। वह अपने गांव पहाड़पुर की नामी भगतिन है। वह जो कहती है सो हो जाता है। ऐसा ही कुछ मानना है देवरी थाना के पहाड़पुर, हरियाडीह, जमुनियां, चतरो, समरा तिलैया आदि गांवों के लोगों का। सोनिया देवी के कहने पर ही इन गांवों की महिलाएं मोक्ष प्राप्ति के लिए गंगा स्नान करने सुल्तानगंज जा रही थी। अंधविश्वास के बोझ तले दबी ये महिलाएं एक काले रंग की पाठी को भी सुल्तानगंज ले जा रही थी। इनकी नजर में काले रंग की पाठी ही गंगा मैया को बलि स्वरुप दी जाती है लेकिन काल ने ऐसा क्रूर मजाक किया कि भिठरा में इनलोगों की गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। अलबत्ता बलि के लिए तैयार काले रंग की पाठी का बाल बांका भी न हुआ और बलि देने वाले भक्त तीन लोगों के साथ खुद बलि वेदी पर चढ़ गए।
घायलों की सेवा में जुटे रहे भिठरा के ग्रामीण
सोनो : घटनास्थल सोनो से झाझा के बीच स्टेट हाइवे 18 के माइलेज प्वांयट 35-100वें किमी पर 2:40 बजे घायलों के चीखने-चिल्लाने का आवाज सुन भिठरा के ग्रामीणों ने घटनास्थल पर पहुंच कर सभी घायलों को वाहन से निकाला और इसकी सूचना तुरंत थाने को दी। 3:15 पर घटनास्थल पर एम्बुलेंस पहंची। 3:30 बजे से अस्पताल में घायलों का उपचार डॉ. विवेक कुमार की देखरेख में शुरू हुआ। थानाध्यक्ष रामअवतार पासवान व अनि विजय कुमार सिंह दलबल घटनास्थल पर सूचना मिलते ही पहुंचे। मृतकों के शव पोस्टमार्टम हेतु जमुई भेज दिए गए। 

No comments:

Post a Comment