Thursday 27 December 2012

न्याय चाहिए, जीने का अधिकार चाहिए


न्याय चाहिए, जीने का अधिकार चाहिए

जागरण प्रतिनिधि, जमुई : गुरुवार को महिला समाख्या के बैनर तले सैकड़ों महिलाओं ने मुंह पर कालापट्टी बांध दिल्ली में गैंग रेप की घटित घटना का विरोध किया। महिलाएं न्याय चाहिए, जीने का अधिकार चाहिए के नारे लगा रही थी। महिलाओं का जुलूस महिला समाख्या कार्यालय से निकलकर शहर के मुख्य मार्गो, समाहरणालय से गुजरता हुआ पुन: कार्यालय में आकर समाप्त हुई। इस मौके पर कुंदन कुमारी एवं निशा कुमारी ने कहा कि आप अपने-अपने समूह में जाकर इस तरह के घिनौने अपराध पर चर्चा करें और विरोध में महिलाओं के आवाज को बुलंद करें। उन्होंने कहा कि कानून में बदलाव लाया जाए ताकि समाज में बलात्कार जैसी घटना को अंजाम देने में कोई पुरुष हिम्मत न जुटा सके। उन्होंने कहा कि महिलाओं को भी समाज में खुलकर जीने का अधिकार है। जुलूस में फेडरेशन की विभा देवी, रेखा देवी, पुष्पा मरांडी, रेणु देवी आदि महिलाओं ने भाग लिया।

कठिन साधना का पर्याय है रामप्रीत


कठिन साधना का पर्याय है रामप्रीत

निज प्रतिनिधि, सोनो : 15 वर्ष पूर्व हुई पत्‍‌नी की मौत के बाद से रामप्रीत की दुनियां ही बदल गई। धर्म के मार्ग पर उन्होंने यात्रा की शुरुआत कर दो देशों की दूरियां मिटा दी। दंडवत यात्रा करते हुए गुरुवार को रामप्रीत 63वें दिन सोनो पहुंचे। 24 अक्टूबर 2012 को नेपाल स्थित पशुपतिनाथ महादेव स्थान से जल उठाकर देवघर पहुंचने की हसरत लिए वे प्रति दिन दस किमी दंडवत यात्रा करते हैं। नेपाल के धनुषा जिला के रामदैया भवाड़ी गांव के रहने वाले रामप्रीत यादव की तपोनिष्ठा का प्रमाण इस बात से मिलता है कि जनकपुर धाम से देवघर तक कई वर्ष पूर्व उन्होंने दंडवत यात्रा 22 दिनों में पूरी की थी जबकि 28 अगस्त 2009 को भी उन्होंने दूसरी बार इतनी ही दूरी तय की थी। 17 अक्टूबर 2010 पशुपतिनाथ महादेव मंदिर काठमांडू से वैजनाथ धाम होते हुए 11 महीने 15 दिनों बाद रामेश्वर धाम पहुंचे। चौथी यात्रा उन्होंने चार महीनों में पूरी करते हुए पशुपति नाथ से रुद्रप्रयाग राज पहुंचे। उनकी यात्रा में उनका इकलौता बेटा 17 वर्षीय संजय कुमार यादव साथ रहता है। 

Tuesday 25 December 2012

क्रिसमस पर कार्यक्रम का आयोजन


क्रिसमस पर कार्यक्रम का आयोजन
जागरण प्रतिनिधि, जमुई: मंगलवार को जिले भर में क्रिसमस के मौके पर कई तरह के कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जमुई बाजार स्थित माखन भोग में क्रिसमस के मौके पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें क्रिसमस ट्री के साथ सांता क्लोज ने बच्चों के बीच चाकलेट बांटे और क्रिसमस की शुभकामनाएं दी। साथ ही केक भी काटे गए। इस मौके पर दर्जनों की संख्या में बच्चे उपस्थित थे। इधर स्टेट बैंक पदाधिकारी बिक्रांत विक्रम के द्वारा क्रिसमस की पूर्व संध्या पर संत जोसेफ स्कूल में बच्चों के बीच चाकलेट बांटे व उपहार स्वरूप विद्यालय परिवार को एक अलमीरा भी भेंट किया। आवासीय रामकृष्ण उच्च विद्यालय गांधी नगर स्थित बचपन प्ले स्कूल में क्रिसमस सेलिब्रेशन समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें स्कूली बच्चों द्वारा मोमबंत्तियां जलाकर क्रिसमस के गीत गाए। इस मौके पर प्राचार्य ऋतम्भरा भार्गव ने बच्चों को संबोधित किया।
निज प्रतिनिधि, सिकन्दरा : प्रभु ईशु के जन्म दिवस पर मंगलवार को सिकन्दरा स्थित मिशन चर्च को रंगरोगन के साथ सजाया गया। सिकन्दरा मिशन चर्च स्कूल के फादर जो आकिम ठाकुर के अलावे लखीसराय एवं जमुई जिले के 13 गांव के लोग मौजूद थे। इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।


धूमधाम से मनी पूर्व प्रधानमंत्री का जन्म दिवस


धूमधाम से मनी पूर्व प्रधानमंत्री का जन्म दिवस
जागरण प्रतिनिधि, जमुई: भाजपा की नगर इकाई द्वारा कचहरी चौक पर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का जन्म दिन राष्ट्रीय सुशासन दिवस के रूप में मनाया गया। समारोह की अध्यक्षता नगर अध्यक्ष अनिल पाठक ने की जबकि संचालन महामंत्री दुर्गा प्रसाद केसरी ने किया। इस मौके पर उपस्थित भाजपा के प्रदेश मंत्री मृत्युजंय झा ने कहा कि वाजपेयी जी एक कार्यकर्ता के रूप में राजनीतिक जीवन की शुरूआत की थी। उन्होंने अपनी प्रतिभा से इस देश को एक शक्तिशाली देश के रूप में अंतरराष्ट्रीय मानचित्र पर खड़ा कर दिया। इस मौके पर वरिष्ठ अधिवक्ता प्रभात कुमार भगत, वृजनंदन सिंह, प्रियरंजन सिन्हा, सोने लाल पासवान, मुस्ताक अंसारी, कार्तिक वर्मा, विकास प्रसाद सिंह, वलभद्र शर्मा सहित कई लोगों ने अपने-अपने विचार रखे। इधर निज प्रतिनिधि, बरहट के अनुसार मंगलवार को मलयपुर स्थित पत्‍‌नेश्वर पहाड़ के प्रांगण में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 88वीं जन्मदिवस राष्ट्रीय सुशासन दिवस के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर भाजपा प्रखंड अध्यक्ष विनय पांडेय की अध्यक्षता में श्री वाजपेयी की लंबी उम्र की कामना के साथ वन भोज का आयोजन किया गया। जिसमें दर्जनों की संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। मौके पर पूर्व जिलाध्यक्ष राजकिशोर सिंह ने श्री वाजपेयी के जीवन पर प्रकाश डालते हुए उन्हें युगपुरूष करार दिया। वहीं भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य भाष्कर सिंह, भाजपा नेता सुबोध सिंह, जिला किसान मोर्चा अध्यक्ष कन्हैया सिंह ने भी अटल बिहारी वाजपेयी को देश का सर्वोच्च नेता एवं सफल राजनेता कहा। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी आदर्शवादी नेता हैं। उनके बताए कदमों पर चल कर ही देश का कल्याण हो सकता है। इस अवसर पर भाजयुमो महामंत्री अभिषेक दूबे, सिंकदर पटेल, संजय कुमार सिंह, प्रेम प्रकाश वर्णवाल, पवन कुमार सिन्हा, मलयपुर मुखिया अशोक रावत, पूर्व मुखिया संजीत कुमार सिंह, अरूण कुशवाहा, नंदकिशोर शर्मा, राजीव सिंह, टून सिंह, राजीव रंजन सिंह, कुमारी उषा पांडे, आनंद मोहन, सुभाष चंद वर्मा, अमित सिंह, राजेश भारती, राकेश राव, प्रदीप वर्णवाल, सतीश मंडल, गौतम राम, संतोष मांझी सहित दर्जनों लोग उपस्थित थे।
निज प्रतिनिधि, चकाई : राष्ट्रनायक अटल बिहार वाजपेयी के 88 वां जन्म दिवस समारोह का आयोजन भाजपा कार्यालय शाखा चकाई में मंगलवार को किया गया। इस अवसर पर रोशन प्रभाकर, गायत्री कुमारी, स्नेहा, सुहानी, प्रज्ञा कुमारी ने देशभक्ति व वीरगाथा गीत प्रस्तुत किया। वहीं मंडल अध्यक्ष श्यामसुंदर राय की अध्यक्षता में व्याख्यान माला का आयोजन किया गया। व्याख्यान माला के पूर्व अध्यक्ष संतु यादव, जिला परिषद सदस्य सुरेश राम, मुखिया शैलेन्द्र पासवान, जदयू जिला महासचिव राजीव रंजन वर्मा, भाजयुमो नेता मनोज पोद्दार, भाजयुमो नेता मनोज पोद्दार, प्रखंड महासचिव शिवनारायण यादव, सावित्री देवी, उपप्रमुख दिनेश पासवान, जानकी प्रसाद यादव, कालेश्वर यादव, लक्ष्मण पंडित, शालीग्राम पांडेय, अंगराज राय एवं प्रो. प्रदीप कुमार ने संबोधित करते हुए पूर्व प्रधानमंत्री वाजपेयी कालजेई राष्ट्रनायक बताते हुए अद्वितीय अटल की संख्या दी। मंच संचालन प्रो. प्रदीप कुमार एवं धन्यवाद ज्ञापन श्याम राय ने किया। 

Saturday 22 December 2012

नए वर्ष में सभी सड़कें हो जाएंगी पक्की


नए वर्ष में सभी सड़कें हो जाएंगी पक्की
जमुई : सड़क के मामले में अव्वल जमुई जिले में वर्ष 2013 में सभी बसावट को पक्की सड़क से जोड़ने की योजना है। इसके लिए 1800 किमी नए सड़क निर्माण का प्रस्ताव सरकार को भेजा गया है। नक्सल प्रभावित जिला होने के कारण सड़क निर्माण हेतु पैसे की कमी नहीं है। सिर्फ शहरी सड़कों के निर्माण की डुडा योजना में पैसे की कमी है। सरकार सभी गांवों को कम से कम एक ओर से पक्की सड़क द्वारा जोड़ने की योजना पर काम कर रही है। जिले में कई स्टेट हाईवे का भी निर्माण हुआ है। अब तक जिले की 26 सड़कें क्षतिग्रस्त हैं। जिसमें सात सड़कों के निर्माण की स्वीकृति मिल चुकी है। शेष बची सड़कों का निर्माण अगले वित्तीय वर्ष में हो सकेगा।
373 पथों को मिली स्वीकृति
जिले में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना एवं मुख्यमंत्री ग्राम सड़क संपर्क योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में 373 सड़कों की स्वीकृति मिली है। इन सड़कों की लंबाई 1518.69 किमी है। इसके अलावे अगले वित्तीय वर्ष के लिए 636 सड़क निर्माण कराने की सूची तैयार की गई है जिसकी लंबाई 1800.34 किमी होगी।
निर्माण हेतु पैसे की कमी नहीं
नक्सल प्रभावित जिला होने के कारण केंद्र व राज्य सरकार जिले में सड़कों के निर्माण को प्राथमिकता दिया है। केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री जयराम रमेश ने सोनो में अपने कार्यक्रम के दौरान यह स्पष्ट कर दिया था कि 250 की आबादी वाले बसावट को हर हाल में पक्की सड़क को जोड़ देना है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना एवं मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना में पैसे की कमी नहीं है। शहरी क्षेत्रों में डूडा के तहत होने वाले सड़क निर्माण हेतु पैसे की कमी है जिसके कारण निर्माण की गति धीमी है।
राज्य मार्गो की बेहतर है स्थिति
जमुई में कई सड़कों को राज्य मार्ग का दर्जा दिया गया है। उन सड़कों का निर्माण पूरी गुणवत्ता के साथ किया गया है। वाहनें सड़कों पर अब फर्राटा भरती है। पथ निर्माण विभाग द्वारा जिले में 13 सड़कों का निर्माण कराए जाने की योजना है, जिसमें 9 सड़कें पूर्ण हो चुकी है। शेष सड़कों पर कार्य चल रहा है। जिले में आधा दर्जन राज्य मार्ग का निर्माण हुआ है। इन सड़कों की स्थिति बेहतर बनी है।
अगले वर्ष सभी सड़कों का होगा निर्माण
जिले में ग्रामीण कार्य विभाग एक और दो एवं पथ निर्माण विभाग सड़कों का निर्माण करवा रही है। ग्रामीण कार्य विभाग-1 द्वारा 308 सड़क एवं 2 द्वारा 328 सड़कों के निर्माण का प्रस्ताव है। इसके तहत ग्रामीण कार्य विभाग एक 706 किमी एवं 2- 1094 किमी सड़क निर्माण करवाएगी। यदि इन सभी सड़कों का निर्माण पूरा हो जाता है तो जिले में कच्ची सड़क एक भी नहीं बचेगी।
नहीं है लोकल कंवेंस की सुविधा
जमुई में लोकल कान्वेंस की सुविधा नहीं है। निजी वाहनों या ऑटो से लोग यात्रा करते हैं। बिहार के पांच जिलों में यह सुविधा उपलब्ध है जिसमें पटना, भागलपुर, मुजफ्फरपुर, दरभंगा एवं गया शामिल है। दूसरे जिला जाने के लिए निजी वाहन चलती है या फिर ट्रेन का साथ मिलता है। राज्य पथ परिवहन निगम द्वारा तीन बसें चलाई जाती हैं।
फोटो 22 जमुई -14
कैप्शन- सुरेन्द्र प्रसाद
क्या कहते हैं अभियंता
ग्रामीण कार्य विभाग-1 के कार्यपालक अभियंता सुरेन्द्र प्रसाद ने कहा कि अगर प्रस्तावित योजनाओं पर कार्य हुआ तो 100 फीसद कनेक्टीविटी होगी। उन्होंने कहा कि यह कार्य अगले वर्ष पूरा भी हो जाएगी। उन्होंने बताया कि एक अप्रैल से मुख्यमंत्री ग्राम सड़क संपर्क योजना में सात हेड को समाहित किया जाएगा। अब नाबार्ड, एमएनपी, एससीपी, एमएमजीएसबाई, एसार्ट, बीएडीपी यह सभी योजनाएं एमएमजीएसएसवाइ के तहत होगी।
बाक्स
फोटो 22 जमुई -6,7,8,9,10,11
कैप्शन-आमलोग
सड़क निर्माण से भरी उड़ान
जमुई : आर्य नरेंद्र साहू ने कहा कि सरकार का विकास सबसे पहले सड़कों पर नजर आता है। सड़क निर्माण से दूरियां कम लगने लगी और समय का भी बचत होता है। पुतेरिया गांव के तनोज सिंह कहते हैं कि इतनी अच्छी सड़क हो गई है कि पांच मिनट में मुख्यालय पहुंच जाते हैं अब गांव में रहने का पता ही नहीं चलता। सुजीत कुमार विश्वकर्मा कहते हैं कि सड़कों की अच्छी हालत देख हमारे संबंधी यहां आने से नहीं हिचकते हैं। साथ ही सड़कों पर लक्जरी वाहन फर्राटे लगाती है। नारडीह गांव के दरोगी यादव कहते हैं कि सड़कों के निर्माण से गांव जाने के कई रास्ते बन गए हैं। अब आवागमन में बहुत सहूलियत होती है। कार्तिक वर्मा कहते हैं कि शहर में सड़कों की स्थिति अच्छी नहीं है इस पर भी सरकार का ध्यान होनी चाहिए। कृष्णा रावत कहते हैं कि शहर की सड़कों का अतिक्रमण परेशानी पैदा करता है।  

गैंग रेप से आहत छात्राओं ने निकाली जुलूस


गैंग रेप से आहत छात्राओं ने निकाली जुलूस

निज प्रतिनिधि, झाझा : दिल्ली में युवती के साथ गैंग रेप के विरोध में शनिवार को महिला महाविद्यालय की छात्राओं ने जुलूस निकाला। जुलूस कॉलेज से निकल कर फाड़ी चौक, गांधी चौक, राजारंग चौक होते पुन: कॉलेज पहुंची। दिल्ली पुलिस के विरुद्ध छात्राओं का आक्रोश चरम पर था। जुलूस के दौरान छात्राओं ने दुष्कर्मियों को फांसी दो, महिलाओं को सम्मान दो, दिल्ली पुलिस हाय-हाय, शीला दीक्षित हाय-हाय, नारी शक्ति जिंदाबाद, महिलाओं को सुरक्षा हेतु कठोर कानून लाना होगा आदि नारे लगाए गए। सैकड़ों की संख्या में छात्राओं की भीड़ रहने के कारण बाजार में जाम सा नजारा देखने को मिला। जुलूस का नेतृत्व प्राचार्य प्रो. गिरीश प्रसाद, सचिव सुरेश्वर प्रसाद, सूर्यावत्स, शंभूनाथ जगतबंधु, प्रो. सिंधेश्वर मंडल कर रहे थे। 

Friday 21 December 2012

सबसे कम आयु की मुखिया बनी रुबी


सबसे कम आयु की मुखिया बनी रुबी
निज प्रतिनिधि, चकाई : काफी गहमागहमी एवं कड़ी सुरक्षा के बीच शुक्रवार को प्रखंड परिसर में ठाढ़ी पंचायत में मुखिया पद के लिए हुए उपचुनाव की मतगणना में 385 मत प्राप्त कर रुबी कुमारी मुखिया निर्वाचित हुई। सुबह आठ बजे सभी प्रत्याशियों के समक्ष स्ट्रांग रुम खोलकर मतपेटियां निकाली गई। साथ ही जिला आए चुनाव पर्यवेक्षक अरविंद कुमार झा, प्रखंड निर्वाची पदाधिकारी मनोज कुमार सिंह, अंचलाधिकारी सह चुनाव नियंत्रक कौशल किशोर एवं जिला से प्रतिनियुक्त मतगणना कर्मियों ने प्रत्याशियों के समक्ष मतगणना कार्य प्रारंभ किया। पहले चरण की गिनती में पूर्व मुखिया की पत्‍‌नी अनुकर्णिका देवी ने बढ़त हासिल की। दूसरे चरण में संजय टुड्डु आगे चल रहे थे परंतु तीसरे चरण में नक्सली हिंसा में मारे गए मुखिया स्व. लालमोहन यादव की पुत्री रुबी कुमारी को बढ़त मिली। जमुई जिला में सबसे कम आयु (22 वर्ष) में मुखिया बनने का कीर्तिमान रुबी कुमारी ने बना डाला। वहीं 369 मत प्राप्त कर सुरेश लाल वर्णवाल दूसरे स्थान पर रहे, 356 मत लेकर संजय टुड्डु ने तीसरा एवं 304 मत प्राप्त कर अणुकर्णिका चौथे स्थान पर रही। मात्र 17 मत पाकर रसिका मरांडी सबसे निचले पायदान पर रही। विदित हो कि ग्यारह माह पूर्व ठाढ़ी पंचायत के मुखिया लाल मोहन यादव की हत्या रामसिंहडीह पहाड़ी के समीप नक्सलियों ने गोली मारकर कर दी थी। इससे पंचायत में मुखिया पद रिक्त था।
बाक्स
नवनिर्वाचित मुखिया को दिलाई गई शपथ
चकाई : प्रखंड निर्वाची पदाधिकारी मनोज कुमार सिंह ने नवनिर्वाचित मुखिया रुबी कुमारी को प्रमाण पत्र सौंपा। प्रमाण पत्र देने के बाद रुबी कुमारी को जिला पर्यवेक्षक अरविंद कुमार झा की उपस्थिति में पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। रुबी ने निष्ठापूर्वक बगैर पक्षपात एवं भेदभाव के कार्य करने एवं गोपनीयता का संकल्प लिया। संकल्प समारोह में थानाध्यक्ष दुर्गेश राम, अंचलाधिकारी कौशल किशोर, लिपिक बालमुकुंद कुमार आदि मौजूद थे। मौके पर ही पंचायत सचिव प्रशांत कुमार ने पंचायत का प्रभार नवनिर्वाचित मुखिया को सुपुर्द किया। प्रखंड विकास पदाधिकारी मनोज कुमार के निर्देश पर मुखिया का नमूना हस्ताक्षर लेकर संबंधित बैंक को भेजा गया।
बाक्स
पिता की याद में फफक पड़ी रूबी
चकाई : रुबी के विजयी होने के बाद आयोजित शपथ ग्रहण समारोह के दौरान उसकी मां रो पड़ी। पति के पद पर पुत्री को काबिज होते देख कर रेणु देवी की आंखें छलक गई। 

अनशन पर बैठे पंचायत सचिव की हालत बिगड़ी


अनशन पर बैठे पंचायत सचिव की हालत बिगड़ी

जागरण प्रतिनिधि, जमुई : कंपकपाती ठंड के बीच समाहरणालय गेट पर परिवार के साथ बीते तीन दिनों से अनशन पर बैठे चकाई प्रखंड में कार्यरत पंचायत सचिव श्रीकांत तिवारी की हालत अब बिगड़ने लगी है। अपने छह वर्ष के बकाए वेतन की मांग को ले वे अनशन पर बैठे हैं। शुक्रवार को अपने पिता की बिगड़ती हालत को देखने उनकी बेटी प्रीति देवी, प्रिया कुमारी, नाती यशराज तथा बेटा प्रीतम कुमार अनशन स्थल पर पहुंचे। बेटी प्रिया ने बताया कि पिता के साथ वर्षो से नाइंसाफी हो रही है। इधर श्रीकांत तिवारी ने जिलाधिकारी से गुहार लगाई कि शीघ्र उन्हें न्याय दिलाई जाए ताकि उनके सम्मान की रक्षा हो सके। इस मामले पर जिलाधिकारी मयंक वरबड़े ने कहा कि उनकी समस्या का समाधान शीघ्र कर दिया जाएगा।




मालूम हो कि चकाई प्रखंड में कार्यरत श्रीकांत तिवारी का वेतन बीते 2006 से लंबित है। उन्होंने इस संबंध में 13 दिसंबर को जिलाधिकारी को आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई थी जिसके बाद किसी तरह की कार्रवाई नहीं किए जाने के बाद यह रास्ता अपनाना पड़ा। 

Tuesday 11 December 2012

खुशबू ने बनाई भारतीय टीम में पहचान



जागरण प्रतिनिधि, जमुई : प्लस टू उच्च विद्यालय जमुई की 11वीं की छात्रा खुशबू कुमारी ने विमेंश फुटबॉल चैम्पियनशिप श्रीलंका के दौरान भारतीय टीम में अपनी पहचान बनाई है। जहां एक ओर श्रीलंका में आयोजित हुए चार देशों की इस प्रतियोगिता में खुशबू ने भारतीय अंडर 16 फुटबॉल टीम की ओर से उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए उजवेकिस्तान के साथ हुए फाइनल मैच में निर्णायक गोल किया। टूर्नामेंट में कुल छह अंकों के साथ भारतीय फुटबॉल टीम का चयन अंडर 17 चैम्पियनशिप के लिए किया गया। टूर्नामेंट के दौरान इरान, श्रीलंका तथा उजवेकिस्तान के साथ हुए मैच में सेंट्रल फारवर्ड से खेलते हुए खुशबू ने दो गोल दागे। इसके पूर्व खुशबू 2010 में आयोजित हुए अंडर 13 चैम्पियनशिप में विजेता भारतीय टीम की सदस्य रह चुकी है। वर्तमान में वह रांची सांई सेंटर में प्रशिक्षण ले रही है। 11 से 14 दिसंबर तक सीवान में आयोजित होने वाली स्कूल गेम प्रतियोगिता में खुशबू मुंगेर प्रमंडल की ओर से खेलेगी। निम्न, मध्यम परिवार में पली-बढ़ी खुशबू को अब तक सरकार की ओर से कोई सुविधा मुहैया नहीं कराई गई है। इस संबंध में उसने बताया कि यदि उसे बेहतर सुविधा व प्रशिक्षण की व्यवस्था कराई जाए तो और बेहतर प्रदर्शन करेगी। फिलवक्त खुशबू अपने दम पर महिला फुटबॉल के राष्ट्रीय क्षितिज पर अपनी पहचान बनाई है और जिले का नाम रोशन किया है।

Saturday 8 December 2012

जिंदगी को लगी फूलों की सुगंध


निज प्रतिनिधि, लक्ष्मीपुर : जहां कभी नक्सलियों द्वारा अवैध रूप से अफीम की खेती की जाती थी और उसे धनोपार्जन का आधार बनाया जाता था। वहीं एक किसान फूलों की खेती कर अपने जीवन को रंग बिरंगी खुशबू से संवार रहा है। जी हां यह बानगी है लक्ष्मीपुर थाना क्षेत्र के मटिया हनुमान चौक निवासी श्यामली मिस्त्री के पुत्र मनोज कुमार शर्मा की। मनोज अपने क्षेत्र के किसानों के लिए प्रेरणाश्रोत बन गया है। मनोज ने कुल एक एकड़ की जमीन में गेंदा फुल की खेती की और उसे बेचकर पिछले महीने दस हजार रुपये तक कमाई की। मनोज ने बताया कि अपने एक एकड़ की जमीन में उसने कई उन्नत किस्म के फलदार व कीमती इमारती लकडि़यों के वृक्ष लगाए थे। बावजूद पूरी जमीन खाली-खाली दिख रही थी। उस खाली भू-भाग में गेंदा व गुलाब के पौधे लगा दिया। मनोज के प्रयास को आत्मा के पदाधिकारियों ने भी सराहा है। हाल ही में आत्मा के उप परियोजना निदेशक ने कृषि विभाग के अधिकारियों के साथ मनोज के बगीचे का भ्रमण किया व कई आवश्यक टिप्स भी दिए।
बाजार का अभाव
मनोज ने बताया कि फूलों के व्यवसाय हेतु बाजार का अभाव है। पड़ोसी जिला देवघर तथा पटना जहां फूलों की अत्यधिक खपत है वहां के फूल व्यवसायियों को यहां के बारे में जानकारी नहीं है। जिस दिन जानकारी होगी उस दिन फूलों का बगीचा सोना उगलना शुरू कर देगी।
क्या कहते हैं जिला कृषि पदाधिकारी
जिला कृषि पदाधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि एक व्यक्ति के लिए विभाग की ओर से मार्केटिंग की व्यवस्था करना संभव नहीं है। लेकिन विभाग फूलों की खेती हेतु समूह निर्माण को प्रोत्साहन देगी और समूह में खेती करने पर विभाग की ओर से मार्केटिंग की व्यवस्था भी की जाएगी।