Saturday 5 May 2012

जमुई में भी लड़की रही लड़कों से आगे


जमुई/खैरा, जागरण प्रतिनिधि : जिले से दो लड़केऔर एक लड़की ने यूपीएससी की फाइनल परीक्षा में उत्तीर्ण होकर जमुई की भागीदारी बढ़ा जिले का नाम रोशन किया। तीन में से दो को भारतीय प्रशासनिक सेवा मिला जबकि एक को भारतीय पुलिस सेवा। भारतीय प्रशासनिक सेवा में आने वाले जिले के अलीगंज प्रखंड के मैनाचातर गांव के नीरज कुमार हैं। इन्हें 155वां रैंक प्राप्त हुआ है। भगीरथ प्रसाद सिंह और उर्मिला सिंह के पुत्र नीरज की प्रारंभिक शिक्षा धनबाद में हुई। वर्तमान समय में वे साफ्टवेयर ईजीनियर हैं। वे न्यू इंडिया इंश्योरेंस कंपनी, मुंबई में बतौर एडमीनिस्ट्रेटिव आफिसर पदस्थापित हैं। परीक्षा फल प्रकाशन के बाद नीरज ने जागरण को बताया कि वे इसका श्रेय ईश्वर को और माता-पिता को देते हैं।
भारतीय प्रशासनिक सेवा में जमुई (महिसौड़ी)की लड़की हर्षिका ने आठवां स्थान प्राप्त किया। अनिल सिंह की लड़की की शिक्षा-दीक्षा रांची में हुई। जबकि भारतीय पुलिस सेवा में आने वाले जमुई जिला के सिकन्दरा चौक के ब्रजनंदन प्रसाद गुप्ता के सबसे छोटे पुत्र कुमार आशीष उर्फ राकेश सिंह हैं। इन्होंने यूपीएससी की परीक्षा में 363वा स्थान प्राप्त किया है। इनकी प्रारंभिक शिक्षा संग्रामपुर में हुई। जबकि आईए की परीक्षा इन्होंने सिकन्दरा से ही पास की। उच्च शिक्षा इन्होंने जेएनयू से की। कुछ समय के लिए फ्रांस के पेरिस में भी रहे। परीक्षाफल प्रकाशन के बाद उन्होंने जागरण को दूरभाष पर बताया कि वे एक ईमानदार व कर्तव्यनिष्ठ पदाधिकारी के रुप में देश की सेवा करेंगे। 

No comments:

Post a Comment