Friday 6 July 2012

जमुई की बिटिया पूजा बिहार में टॉपर


निज प्रतिनिधि, झाझा (जमुई) : जमुई जिले की पूजा वर्णवाल ने बिहार संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा 2012 में प्रथम स्थान लाकर सूबे सहित अपने जिले का नाम रोशन किया है। झाझा शहर के पुरानी बाजार निवासी डॉ. ओंकार वर्णवाल की 18 वर्षीया पुत्री पूजा की इस उपलब्धि से झाझा व जमुई वासियों में खुशी की लहर दौड़ गई। पूजा के घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा है। उसकी मां शशि वर्णवाल अपनी बेटी की उपलब्धि पर फूले नहीं समा रही हैं। इस खुशी के मौके पर सूबे के भवन निर्माण मंत्री दामोदर रावत ने कहा कि नीतीश कुमार ने जो सपना लड़कियों की शिक्षा के लिए देखा है वह अब झाझा-जमुई की धरती पर सच होता दिख रहा है। इसके लिए पूजा व उसके माता-पिता बधाई के पात्र हैं।
झाझा में जन्मी पूजा नर्सरी से क्लास टू तक की पढ़ाई संत जोसेफ में की। डीएवी जामताड़ा में उसने क्लास दो से दस तक की पढ़ाई पूरी की। 10वीं में पूजा ने 96 फीसद और प्लस टू में 88 फीसद अंक हासिल की। इसके अलावा पूजा ने एएफएमसी पूणे, एआईपीएमटी एवं केएमसी मणिपाल की परीक्षा दी थी। उक्त सभी परीक्षाओं में उत्तीर्ण होते हुए बिहार संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता में पूरे बिहार की टॉपर रही। पूजा को बधाई देने वालों में जदयू के जिलाध्यक्ष ई. शंभू शरण, डॉ. अभय सिंह, डॉ. रुपा सिंह सहित कई बुद्धिजीवी शामिल हैं। 

No comments:

Post a Comment