Wednesday 21 December 2016

मोदी ने पढ़ाया संगठन मजबूती का पाठ



जमुई। तीन साल में किसानों को खेती के लिए अलग फीडर से बिजली आपूर्ति की जाएगी। दो वर्षो में पंडित दीनदयाल उपाध्याय ग्राम ज्योति योजना के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 100 से अधिक आबादी वाले हर गांव को बिजली से जोड़ने का लक्ष्य रखा है। फिलवक्त भारत सरकार बिहार को एक हजार मेगावाट अतिरिक्त बिजली मुहैया करा रही है। उक्त बातें बिहार विधान परिषद के प्रतिपक्ष नेता सुशील कुमार मोदी ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय जन्मशताब्दी समारोह के अवसर पर मलयपुर स्थित पं. जगन्नाथ प्रसाद चतुर्वेदी स्मृति भवन में कार्यकर्ताओं के साथ आयोजित बैठक में कही।
उन्होंने कहा कि जनता के बीच कार्यकर्ता इस विषय के साथ-साथ केंद्र प्रायोजित योजनाओं का प्रचार-प्रसार करें। उन्होंने संगठन की मजबूती पर बल देते हुए कहा कि नए चेहरे को संगठन से जोड़ें। अधिक से अधिक वार्ड सदस्य को सदस्य बनाएं। आगामी 11 से 17 फरवरी तक दीनदयाल समर्पण सप्ताह मनाया जाएगा। इस दौरान हर मंडल में कार्यकर्ता सम्मेलन कर पं. दीनदयाल उपाध्याय की जीवनी पर चर्चा होगी। उन्होंने कहा कि जिला कार्यकारिणी की बैठक प्रत्येक महीने होगी जिसमें मंडल अध्यक्ष की उपस्थिति अनिवार्य है। इसी प्रकार हर महीने मंडल कमेटी की एक बैठक होगी जिसमें पंचायत अध्यक्ष की उपस्थिति अनिवार्य होगी। पंचायत कमेटी की बैठक तीन महीने में एक बार होगी। मोदी ने कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाते हुए कहा कि जन समस्याओं पर आवाज उठाएं। मोदी सरकार गरीबी रेखा के नीचे बसर करने वाले घर को मुफ्त बिजली कनेक्शन दे रही है। इसके लिए केंद्र सरकार 3 हजार प्रति कनेक्शन दे रहा है। बिहार में 1.5 करोड़ बीपीएल परिवार के लिए बिहार को राशि मुहैया करा दी गई है। मौके पर उन्होंने कार्यकर्ताओं से जमुई की मुख्य समस्याओं की जानकारी ली। साथ ही कहा कि छह महीना के अंदर सभी भाजपा कार्यकर्ताओं का घर शौचालययुक्त होना चाहिए। इसके पूर्व बैठक को संबोधित करते हुए बांका के पूर्व सांसद पुतुल देवी ने कहा कि 90 दिनों के दो महत्वपूर्ण कार्रवाई ने हर हिन्दुस्तानी का सिर गर्व से उठा दिया है। सर्जिकल स्ट्राइक से सेना का मनोबल बढ़ा तो भारतवासियों में नई ऊर्जा का संचार हुआ और सीना गर्व से तन गया। पूर्व की सरकारों को वोट के चक्कर में नोटबंदी का निर्णय लेने की हिम्मत नहीं थी। झाझा विधायक डॉ. रविंद्र यादव ने कहा कि लोग परेशान होकर भी निर्णय के साथ हैं। भाजपा के हाथ में अपना भविष्य सुरक्षित मान रहे हैं। लालू के विरोध में नीतीश की ताजपोशी हुई। मगर आज दोनों एक हो गए। उन्होंने कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर ऐसे गठबंधन को उखाड़ फेकने की अपील की। जमुई के पूर्व विधायक अजय प्रताप ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश परिवर्तन के दौर से गुजर रहा है। ऐसे ऐतिहासिक फैसले के लिए 56 नहीं 156 इंच का सीना चाहिए। एक साथ आतंकवाद, नक्सलवाद पर प्रहार किया। बैठक की कार्यवाही का संचालन जिलाध्यक्ष भाष्कर सिंह ने किया। इस अवसर पर महावीर पासवान, पूर्व जिलाध्यक्ष गौरी शंकर मधूप, प्रकाश भगत, नवल किशोर सिंह, विकास सिंह, मंडल अध्यक्ष विनय पांडेय, भाजयुमो कमलजीत सिंह, शंभुनाथ सिंह, पिंकू सिंह सहित दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित थे।

No comments:

Post a Comment