Monday 5 November 2012

बारिश से आमजन जीवन प्रभावित


जागरण प्रतिनिधि, जमुई : बीते तीन दिनों से लगातार रूक रूक कर हो रही वर्षा के कारण आम जनजीवन पुरी तरह प्रभावित हो गया है। बेमौसम बरसात के कारण जिले की सभी नदियों में पानी का स्तर बढ़ गया है। वहीं धान की फसल को भी नुकसान हो रहा है। लगातार वर्षा से शहर के निचले मुहल्लों में वर्षा का पानी भरा गया है और आमलोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। वर्षा से बाजारों में भीड़-भाड़ भी बहुत कम है। अचानक तापमान में गिरावट होने से ठंड का भी एहसास होने लगा है।
निज प्रतिनिधि, सिमुलतला के अनुसार शनिवार से लगातार बारिश ने धान की कटाई करने वाले किसानों की मेहनत पर खूब पानी फेरा। एक समय जहां धान बुआई के समय मानसून लगातार धोखा दिया था। उस समय किसानों ने किसी तरह धान की रोपनी की। लेकिन बेमौसम बारिश ने किसानों को झकझोर दिया। जिन किसानों ने धान की कटाई की वे आज रुआंसा होने को बाध्य हैं। दूसरी ओर यह बारिश आलू बुआई करने वाले किसानों के लिए भी फायदेमंद नहीं है। किसान बालेश्वर यादव, जगदेव यादव, घुमा यादव, पोखन यादव, कामेश्वर आदि कहते हैं कि ईश्वर हम किसानों के साथ उचित न्याय नहीं कर रहा है। वहीं दूसरी और व्यवसायी भी बारिश से परेशान है। सिमुलतला बाजार के उज्ज्वल सिंह, बबलू वर्णवाल, टेलवा बाजार के रंजीत वर्णवाल, अशोक गुप्ता, लोहिया चौक के विनोद वर्णवाल आदि का कहना है कि लगातार बारिश से हम व्यवसायियों का हाल बुरा है।
निज प्रतिनिधि, सरौन के अनुसार लगातार तीन दिनों से हो रही बारिश के कारण जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। बेमौसम बारिश का असर सबसे ज्यादा किसानों के बीच देखा जा रहा है। किसान मुनचुन राय, सदानंद राय एवं कौशल यादव बताते हैं कि एक तो धान की फसल पानी के अभाव में नहीं हो सकी। जब आलू की खेती की तो बेमौसम बारिश के कारण खेत में लगे आलू बर्बाद हो गए। अब हमलोग पूरी तरह टूट चुके हैं।
निज प्रतिनिधि, झाझा के अनुसार शनिवार से प्रारंभ हुई रिमझीम बारिश से आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। वहीं ठंड बढ़ने से ऊनी कपड़ों की खरीदारी में तेजी आई है। 

No comments:

Post a Comment