Sunday, 27 May 2012

अर्थव्यवस्था की रीढ़ है जमुई की नदियां


जमुई/बरहट, जागरण प्रतिनिधि : पहाड़ की तलहटियों से कलकल बहती पहाड़ी नदियां इस जिले की मनोरम छटा को सुंदरता प्रदान कर रही है। कुछ नदियों का उद्भव स्थल इस जिले से हुआ तो कई प्रमुख नदियां जमुई जिले से होकर गुजरी है। मुख्य रुप से इस जिले में 10 नदियां बहती हैं। जो शहरी सहित ग्रामीण इलाकों की अर्थ व्यवस्था की रीढ़ मानी जाती है। जिले के चकाई प्रखंड से बहने वाली अजय नदी संयुक्त बिहार के बड़े नदियों में शुमार थी। जिसका उद्भव स्थानीय सरौन से हुआ जो झारखंड होते हुए पश्चिम बंगाल में पहुंच गंगा में मिल जाती है। इस नदी की चर्चा महाभारत ग्रंथ में भी मिलता है। अर्थव्यवस्था के दृष्टिकोण से भी यह नदी महत्वपूर्ण स्थान रखती है। इस नदी पर गम्हरिया गांव के पास एक बांध का निर्माण हुआ है। जिसमें दस लाख मूल्य के मछली उत्पादन तथा दो हजार हेक्टेयर खेतों में सिंचाई होती है। इसी प्रखंड के पतरो व डढ़वा नदी का उदभह चतरो एवं नावाडीह सिल्फरी पंचायत है। इन नदियों से भी किसानों को सिंचाई हेतु पानी मिलता है तो विभाग को बालू से राजस्व की प्राप्ति होती है। जिले की दूसरी सबसे बड़ी नदी किउल नदी को जिला का जीवन रेखा माना जाता है। यह नदी गढ़ी से होकर जमुई शहर मलयपुर, कुंदर होते हुए पड़ोसी जिला लखीसराय पहुंच गंगा में समाहित हो जाती है। किउल नदी के पत्‍‌नेश्वर नाथ मंदिर के समीप बिहार दिगम्बर जैन तीर्थ क्षेत्र कमेटी ने कैवल्य धाम तीर्थ की स्थापना की है। साथ ही ग्यारह फीट भगवान महावीर का प्रतिमा स्थापित किया। माना जाता है कि जैन आगम व प्राचीन शास्त्रों में वर्णित भौगोलिक वर्णन के आधार पर आधुनिक विद्वानों ने किउल नदी को ऋजुकूला नदी प्रमाणित किया है।
खैरा प्रखंड से निकलने वाली भारोटोली नदी रोपाबेल गांव के पास जाकर किउल नदी में मिल जाती है। इस नदी से आधे दर्जन गांव की आबादी लाभान्वित होती है। जबकि बुनबुनी नदी प्रखंड के पूर्वी भाग के उमंतरी गांव के पास किउल नदी में मिल जाती है। सोनो प्रखंड से गुजरने वाली दो प्रमुख नदियां यथा बरनार और सुखनर क्षेत्रीय अर्थ व्यवस्था को संबल प्रदान करती है। बरनार नदी से लगभग पांच दर्जन गांव के किसान सिंचाई कर पाते हैं जिस कारण इन क्षेत्रों में रबी फसल की पैदावार किसानों के लिए आर्थिक समृद्धि का श्रोत बना है। सुखनर नदी भी इन क्षेत्र के लोगों को अति संबलता प्रदान करता है। गिद्धौर से गुजरने वाली उलाई नदी अपनी गर्व में कई पौराणिक कथाएं छिपा रखी है। जैनागमों में चर्चित पवित्र उच्जुबालिया नदी (वर्तमान में उलई नदी) तथा नागी नदी के संगम पर गिद्धौर के तत्कालीन राजा ने दुर्गा मंदिर का निर्माण कराया था। जैनागमों में आए वर्णन के अनुसार इस संगम में स्नान करने के उपरांत हरिवंश पुराण का श्रवण करने से नि:संतान दंपत्तियों को पुत्र की प्राप्ति होती है।
बाक्स
किउल नदी जमुई की लाइफ लाइन
जमुई :यूं तो जिले में छोटी-बड़ी कुल दस नदियां बहती हैं पर किउल का स्थान अन्य नदियों की तुलना में महत्वपूर्ण है। खेती की रीढ़ किउल नदी राजस्व उगाही के मामले में भी अव्वल है। किउल नदी पर बने अपर किउल जलाशय योजना से 15 हजार हेक्टेयर भूमि को सिंचित किया जाता है। इस जलाशय योजना से लाभान्वित लखीसराय जिले के किसान भी होते हैं। वहीं हर साल बालू घाटों के बंदोवस्ती कर राजस्व उगाही के मामले में किउल नदी की भागीदारी सबसे अधिक है। इस वर्ष पांच करोड़ में नदियों की बंदोवस्ती की गई है। प्रतिदिन सैकड़ों ट्रक व ट्रैक्टर पर बालू का उठाव होता है लिहाजा सैकड़ों मजदूरों को रोजगार भी मिलता है। साथ ही वाहनों की भीड़ से होटल व्यवसाय व परिवहन विभाग के राजस्व में भी बढ़ोतरी हुई है।
बाक्स
जिले की प्रमुख नदियां
किउल, अजय, आंजन, उलाई, भारोडोरी, पतरो, डढ़वा, बरनार, सुखनर और बुनबुनी

Friday, 25 May 2012

रिजल्ट आते ही छात्रों के चेहरे पर खुशी छाई



बरहट, निज प्रतिनिधि : सीबीएसई मैट्रिक परीक्षा का रिजल्ट आते ही छात्र-छात्राओं व अभिभावकों के चेहरे पर खुशी की लहर दौड़ गई। इस बार शहर के अधिकांश विद्यालयों का शत-प्रतिशत रिजल्ट आया है। जवाहर नवोदय विद्यालय बरहट के 80 परीक्षार्थियों में से 80 विद्यार्थियों ने सफलता हासिल की। जिसमें 24 छात्र व छात्रा अभिषेक कुमार, कन्हैया प्रसाद, राधेश्याम सिंह, सत्यम कुमार, सुमित कुमार विशाखा, रजनी, श्रुती, साकेत, आर्यन, वंदना, शिवम प्रथम, शिवम द्वितीय, सुभाष, दीपक, प्रेमनंदन, राखी, रामानुज, सोनी, रौशन, राकेश, शैलेश, मनीषा एवं ब्यूटी कुमारी ने 10 सीजीपीए हासिल किया। वहीं शहर के डीएवी विद्यालय से परीक्षा में शामिल 97 परीक्षार्थियों में 97 विद्यार्थियों ने सफलता हासिल की। जिसमें आठ विद्यार्थी एकता राज, पूजा, अंकित, दीपक, जीतेन्द्र, राज, पवन एवं सचिन ने 10 सीजीपीए हासिल किया जबकि 26 विद्यार्थियों ने 9 सीजीए हासिल किया। शहर के आक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल के बच्चों ने शत-प्रतिशत सफलता हासिल की। इस विद्यालय से परीक्षा देने वाले कुल 54 परीक्षार्थियों में से 54 विद्यार्थियों ने सफलता अर्जित की। विद्यालय में अंकित राज ने सर्वाधिक 9.8 सीजीपीए हासिल किया। वहीं शाहिद अली, जया लक्ष्मी, शुभम कुमार ने 9.6 सीजीपीए तथा मो. शमीम, सूरज सुमन, अतिक्रूर रहमान ने 9.4 सीजीपीए हासिल किया। तीर्थकर महावीर विद्या मंदिर वीरायतन लछुआड़ के सभी विद्यार्थी परीक्षा में सफल रहे। इस विद्यालय के रंधीर पटेल, पंकज कुमार ने 9.8 सीजीपीए, सौरभ कुमार ने 9.6 तथा अभिषेक कुमार एवं प्रमोद कुमार ने 9.4 सीजीपीए हासिल किया।
बाक्स
सीबीएसई परीक्षा में राहुल को 96 फीसद अंक
सोनो, निज प्रतिनिधि : सीबीएसई 10 वीं की परीक्षा में सोनो प्रखंड के एक छात्र ने 96 फीसदी अंक प्राप्त कर शानदार सफलता हासिल की है। जानकारी के अनुसार महेश्वरी गांव निवासी व स्थानीय चन्द्रशेखर सिंह महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. त्रिभुज प्रसाद सिंह व पार्वती देवी के छोटे सुपुत्र राहुल कुमार उर्फ सोनू ने केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की परीक्षा में 96 प्रतिशत अंक हासिल कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। राहुल ने पटना स्थित सत्यम इंटरनेशनल स्कूल के शिक्षकों व अपने मम्मी-पापा को इसका श्रेय दिया है।

वाह आशीष! तुने कमाल कर दिया



सिकन्दरा, निज प्रतिनिधि : शुक्रवार को मुख्यालय स्थित मध्य विद्यालय के प्रांगण में सिकन्दरा निवासी ब्रजनंदन गुप्ता के छोटे पुत्र व आईपीएस कुमार आशीष का भव्य अभिनंदन समारोह पूर्वक किया गया। आयोजित समारोह में बूढ़े, बच्चे और जवान हर एक की जुवां पर वाह आशीष तूने तो कमाल कर दिया। कार्यक्रम के आयोजक की भूमिका में पप्पू केशरी, रंजीत केशरी वहीं मंच संचालन शिक्षक विमल ने किया। समारोह को संबोधित करते हुए कुमार आशीष ने कहा कि मेरी पहले से तमन्ना थी कि एक प्रशासनिक पदाधिकारी बनकर समाज की सेवा करें। इससे पहले भी सिकन्दरा स्थित भुल्लो गांव के डॉ. वीरेन्द्र यादव ने आईएएस की परीक्षा पास की थी। समारोह को जदयू के पूर्व जिलाध्यक्ष शिवशंकर चौधरी, प्राचार्य अख्तर आजम, डॉ. केपी शर्मा, लोजपा के राष्ट्रीय सचिव प्रो. बदरुजमा वेग, शिक्षक अरुण कुमार, अधिक यादव, ओमप्रकाश के अलावे कई अन्य लोगों ने भी संबोधित किया।

Sunday, 20 May 2012

महिला बिग्रेड सड़कों पर करेगी इंकलाब



जमुई, जागरण प्रतिनिधि: बिहार को विशेष राज्य का दर्जा देने की मांग के समर्थन में महिला बिग्रेड व दुर्गा दस्ता सड़कों पर उतरेगी। रविवार को स्थानीय पंचमंदिर प्रागंण में महिला बिग्रेड व दुर्गा दस्ता की बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता बिग्रेड की जिला अध्यक्षा अंजनी सिन्हा के की। इस मौके पर उन्होंने कहा कि बिहार को विशेष राज्य का दर्जा देने की मांग व भ्रष्टाचार के विरोध में शुरू होने वाले आन्दोलन में पटना के गांधी मैदान व दिल्ली के रामलीला मैदान पर जमुई की दस हजार महिला सदस्य भाग लेंगी। जिला अध्यक्षा ने कहा कि करोड़ों जनता के हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन सौंपने के बाद भी यूपीए सरकार टाल-मटोल की नीति अपना रखी है। इस बावत शीघ्र ही महिला बिग्रेड की प्रदेश इकाई द्वारा आन्दोलन की रूप-रेखा तैयार की जा रही है। संस्थापक दिलीप कुमार सिन्हा के मार्ग निर्देशन में राज्य भर में आन्दोलन चलाया जाएगा। बैठे को संबोधित करते हुए प्रदेश उपाध्यक्ष कौशल्या देवी ने कहा कि प्रदेश इकाई के फरमान जारी होते ही महिला बिग्रेड व दुर्गा दस्ता के सदस्य सड़कों पर इंकलाब बोलेगी। बैठक को प्रदेश संगठन सचिव मन्दोदरी देवी, चन्दा देवी, कुसुम देवी, दिपाली देवी, सुगिया देवी, लालपरी देवी, कमला देवी तथा प्रभासनी देवी ने संबोधित किया।

पुलिस और पब्लिक के बीच हो मधुर संबंध : डिप्टी कमांडर



लक्ष्मीपुर , निज प्रतिनिधि : आमलोगों के मन में पुलिस की गलत छवि के बदले मिलनसार छवि को देखकर न केवल बच्चे बल्कि उपस्थित ग्रामीणों की तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा विद्यालय प्रांगण गूंज उठा। मौका था सीआरपीएफ की 215 बटालियन द्वारा राजकीय कन्या उच्च विद्यालय सह मध्य विद्यालय गोड्डी में एक साथ आयोजित सिविक एक्शन कार्यक्रम का। इस मौके पर उक्त बटालियन के डिप्टी कमांडर कल्याण सिंह ने उपस्थित बच्चों के बीच खेल से संबंधित विभिन्न प्रकार के सामग्रियों का वितरण किया। मौके पर बच्चों व ग्रामीणों को संबोधित करते हुए डिप्टी कमांडर श्री सिंह ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम का उद्देश्य सामाजिक समरसता स्थापित करना है। उन्होंने कहा कि पुलिस और पब्लिक के बीच मधुर संबंध स्थापित करना ही हमारा उद्देश्य है ताकि एक भयमुक्त समाज का निर्माण हो सके। मौके पर बटालियन के इंस्पेक्टर एनएस मिटई और बीके भाटिया ने एक-एक बच्चों से हाथ मिलाकर उनके मनोबल को बढ़ाया। इस अवसर पर विद्यालय प्राचार्य सुधीर कुमार साह सहित कई लोग उपस्थित थे।

मलयपुर के तीन छात्रों ने लहराया आईआईटी में परचम

बरहट, निज प्रतिनिधि : मलयपुर के तीन छात्रों ने आईआईटी जेईई में सफलता अर्जित कर सीमित संसाधान में बेहतर उपलब्धि की मिसाल कायम कर मलयपुर के गौरवशाली इतिहास की याद ताजा कर दी। मलयपुर निवासी हेमंत कुमार सिंह व माता शालिनी राठौर के सुपुत्र शशांक ने आईआईटी में 91194 रैंक हासिल किया। शशांक ने वर्ष 2009 में मलयपुर उच्च विद्यालय से मैट्रिक परीक्षा 67 फीसद अंक के साथ पास किया जबकि इंटर की पढ़ाई रामशरण राय कॉलेज पानापुर वैशाली से की। शशांक के पिता ने बताया कि आर्थिक स्थिति ऐसी नहीं थी कि लड़के की पढ़ाई पर अत्याधिक खर्च कर सकें। वर्ष 2010 में इसका चयन रहमानी सुपर-30 में हो गया था। इसके बाद उसने खुद परिश्रम कर सफलता अर्जित की। मलयपुर के दूसरे सुपुत्र अभिषेक आनंद ने आईआईटी में 17628वां रैंक हासिल किया। संजीव कुमार सिंह के इस सुपुत्र को रैंक कम आने का मलाल तो है लेकिन विश्वास है कि एआईइइइ परीक्षा में बेहतर रैंक आएगा। अभिषेक ने डीएवी पब्लिक स्कूल जमुई से वर्ष 2009 में मैट्रिक परीक्षा उत्तीर्ण कर आक्सफोर्ड स्कूल जमुई से 12वीं की परीक्षा पास की। इसने भी सफलता का मूल मंत्र कड़ी परिश्रम व लगन बताया। जबकि मलयपुर निवासी विनोद कुमार साह व माता सावित्री देवी के प्रथम सुपुत्र मनीष चन्द्र गुप्ता ने आईआईटी जेइइ में 4344 (ओबीसी) रैंक हासिल किया। मनीष ने वर्ष 2009 में दसवीं व वर्ष 2011 में 12 वीं की परीक्षा आक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल जमुई से पास किया। मनीष ने सहपाठियों को मेहनत व लगन से पढ़ाई करने का संदेश देते हुए कहा कि उसका उद्देश्य बीटेक कर यूपीएससी की सफलता अर्जित करना है। अभिषेक के पिता गांव में ही आटा -चक्की मील चलाते हैं। बताते चलें कि पिछले वर्ष भी मलयपुर के दो छात्रों ने आईआईटी जेइइ में सफलता हासिल की थी।

Saturday, 19 May 2012

अश्विनी व स्नेह ने आईआईटी में मारी बाजी

जमुई, जागरण प्रतिनिधि : डीएवी पब्लिक स्कूल जमुई के छात्र अश्रि्वनी कुमार तथा डीपीएस बोकारो के छात्र स्नेह सजल ने आईआईटी परीक्षा में सफलता हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। आईआईटी-जेईई की परीक्षा में 1461 (ओबीसी) रैंक हासिल कर अश्रि्वनी ने सीमित संसाधनों में भी प्रतिभा के निखरने की मिसाल कायम की है। सत्र 2008 -2009 में डीएवी पब्लिक स्कूल जमुई से 88.5 प्रतिशत अंकों के साथ दसवीं की परीक्षा उत्तीण करने वाले अश्रि्वनी कुमार ने अपनी सफलता में अपने पिता शंभू शरण, माता गीता देवी और विद्यालय के शिक्षकों के योगदान को महत्वपूर्ण बताया। शनिवार को अश्रि्वनी का स्वागत डीएवी स्कूल में किया गया जहां विद्यालय प्राचार्य डॉ. शशिकांत दूबे ने अश्रि्वनी की उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उनकी सफलता से जमुई जिले के सभी छात्रों में प्रेरणा का संचार होगा और आने वाले दिनों में यहां के छात्र-छात्राएं इससे भी बड़े सफलता हासिल करेंगे। इधर जमुई प्रखंड अंतर्गत सुग्गी निवासी अधिवक्ता मनोज कुमार के तृतीय सुपुत्र स्नेह सजल ने आईआईटी की परीक्षा में 18123 वां रैंक लाकर जिले को दोहरी सफलता दिलाई है। स्नेह सजल ने दसवीं की परीक्षा देवघर के रेड रोज विद्यालय से पास की और वर्तमान में डीपीएस बोकारो में वह 12वीं में पढ़ रहा है। अपने पुत्र की सफलता पर पिता मनोज कुमार तथा माता नीतू कंचन ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि आईआईटी में सफलता का पूरा श्रेय स्नेह सजल की मेहनत व उनके शिक्षकों को जाता है जिन्होंने सही मार्गदर्शन देकर उनके पुत्र को इस मुकाम तक पहुंचाया है।