Wednesday, 11 April 2012

व्यवस्था के अभाव में सड़ जाएंगे धान



जमुई, जागरण प्रतिनिधि : सरकार द्वारा किसानों से खरीदे गए धान को व्यवस्था के अभाव में खुले आसमान के नीचे रखा जाता है। मौसम का यह आलम है कि लगभग हर रोज बारिश होती है। ऐसा कहा जा सकता है कि बारिश के चलते धान सड़ जाएंगे। राज्य खाद्य निगम के पास दस क्रय केन्द्र हैं। इन क्रय केन्द्रों पर 15 हजार क्विंटल धान रखने की क्षमता है। इसके अलावे रावणेश्वर हाल जमुई में 4222, कल्याणपुर छात्रावास इंदपै में 9100, महादेव सिमरिया में 2487 एवं उच्च विद्यालय मलयपुर में 22518.80 क्विंटल धान रखे गए हैं। यहां बता दें कि मलयपुर उच्च विद्यालय में जो धान रखे गए हैं वह खुले आसमान के नीचे है और विभाग के पास इसके बचाव की कोई व्यवस्था नहीं है। मजबूरन राज्य खाद्य निगम को धान खुले आसमान के नीचे रखना पड़ रहा है। मजे की बात यह है कि इस धान की सुरक्षा के लिए कोई रात्रि प्रहरी या सुरक्षा गार्ड की प्रतिनियुक्ति नहीं की गई है। यूं कहें कि बाहर में रखे गए धान भगवान भरोसे हैं।
अधिकारी ने कहा
डीएसओ विश्वनाथ चौधरी ने कहा कि खुले आसमान के नीचे धान को सुरक्षित रखने के लिए कैप्स बनाना है। धान की सुरक्षा के लिए जिलाधिकारी ने एसपी जमुई को प्रहरी का इंतजाम के लिए पत्र लिखा है।

कस्तूरबा गांधी की 144वीं जयंती पर कार्यक्रम



जमुई, जागरण प्रतिनिधि : बुधवार को गांधी पुस्तकालय के सभागार में कस्तूरबा गांधी की 144वीं जयंती के मौके पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय झाझा, बरहट, चकाई, सोनो तथा अलीगंज के सैकड़ों छात्राओं ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्घाटन डीडीसी गिरिजेश प्रसाद श्रीवास्तव तथा जिला शिक्षा पदाधिकारी राजेश दामियन कुजूर ने संयुक्त रुप से गुब्बारा उड़ाकर किया। उन्होंने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में पढ़ने वाली बच्चियों का भविष्य उज्ज्वल है। बस उन्हें मेहनत करने की आवश्यकता है। जिला शिक्षा पदाधिकारी दामियन कुजूर ने शिक्षा के क्षेत्र में चल रही विभिन्न योजनाओं की चर्चा की। कार्यक्रम में कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय झाझा, बरहट, चकाई, सोनो तथा अलीगंज के स्कूली बच्चियों द्वारा प्रदर्शनी लगाई गई जिसमें लकड़ी के बनाए सामान, बांस से बने गुलदस्ते तथा मधुबनी पेंटिंग प्रदर्शित की गई। साथ ही बच्चियों के लिए खेल-कूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस मौके पर सुधा श्रीवास्तव, भावानंद, पंकज कुमार, प्रीति कुमारी, शंकर वाजपेयी के अलावे सैकड़ों की संख्या में लोग उपस्थित थे।

Monday, 9 April 2012

कलश यात्रा के साथ तीन दिवसीय यज्ञ शुरू



जमुई, जागरण प्रतिनिधि : सोमवार को नगर परिषद क्षेत्र के कल्याणपुर गांव में रुप कला हरिनाम यश संकीर्तन प्रचारणी समिति का 25वां अधिवेशन कलश यात्रा के साथ शुरू हुआ। कलश यात्रा में सैकड़ों की संख्या में महिलाओं व कुंवारी कन्याओं ने किउल नदी तट पर जल भरा और यज्ञ स्थल पर पहुंचे। 9 से 11 अप्रैल तक चलने वाले तीन दिवसीय यज्ञ में राजीव लोचन शरण जी तथा अयोध्या जी महाराज के नेतृत्व में यज्ञ का आयोजन किया जाएगा। यज्ञ के संबंध में महामंत्री रामजानकी शरण ने बताया कि आज से 48 घंटे का अखंड कीर्तन प्रारंभ हुआ है जिसमें सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु अपनी भागीदारी करेंगे। उन्होंने बताया कि संध्या 5 बजे से प्रवचन का आयोजन किया जाएगा जिसमें सदगुरुओं द्वारा विभिन्न प्रकार की बातें बताई जाएगी। दस अप्रैल को सीताराम विवाह उत्सव बड़े धूमधाम से मनाया जाएगा। यज्ञ को ले आसपास के इलाके में भक्तिमय माहौल बना है और हजारों की संख्या में श्रद्धालु यज्ञ स्थल पर भाग लेने आ रहे हैं। यज्ञ स्थल के समीप मेले का भी आयोजन किया गया है।

Sunday, 8 April 2012

छेड़खानी के आरोप में युवक की पिटाई

जमुई, जागरण प्रतिनिधि : शहर के कल्यापुर मुहल्ले में छेड़खानी के मामले में स्थानीय लोगों ने उक्त युवक की जमकर धुनाई कर उसे पुलिस के हवाले कर दिया। इस दौरान युवक की मां की भी पिटाई हुई। जानकारी के अनुसार समाहरणालय के पीछे मुहल्ले में रह रही शिक्षिका भारती कुमारी का 20 वर्षीय पुत्र प्रतीक ने ट्यूशन से लौट रही एक छात्रा के साथ छेड़खानी किया था। इस दौरान प्रतीक के साथ दो अन्य युवक थे। छेड़खानी की भनक लड़की के परिवार वालों को लग गई। फिर क्या स्थानीय लोगों ने युवक के घर जाकर उसकी पिटाई कर दी। बीच बचाव करने पहुंची शिक्षिका भारती कुमारी को भी लोगों के आक्रोश का सामना करना पड़ा। बाद में उस युवक को पुलिस के हवाले कर दिया गया। उक्त युवक द्वारा छेड़खानी की यह दूसरी घटना है। इससे पूर्व नीमारंग मुहल्ले में एक लड़की से छेड़खानी के मामले में वह थाना के हाजत में रहा था। बाद में उक्त युवक की मां द्वारा लड़की के परिवार वालों से गलती मानने एवं दुबारा ऐसी हरकत नहीं करने की बात पर मामला शांत हुआ। पुलिस ने उक्त युवक को पीआर बाउंड पर मुक्त किया।

Friday, 6 April 2012

सोना के टैक्स वृद्धि के विरोध में जारी रहेगा आंदोलन : संघ

जमुई, जागरण प्रतिनिधि : सरकार द्वारा सोना पर उत्पाद शुल्क पर अतिरिक्त टैक्स लगाए जाने के विरोध में शुक्रवार को स्वर्ण व्यवसायियों ने पुरानी बाजार स्थित महादेव प्रसाद भगत धर्मशाला में बैठक की। बैठक में जिले भर से आए व्यवसायियों ने टैक्स वापस लिए जाने तक आन्दोलन जारी रखने का निर्णय लिया। इस मौके पर व्यवसायी डीडी वर्मा ने कहा कि ब्रांडेड व बड़ी कंपनियों के इशारे पर केन्द्र सरकार ने छोटे व्यवसायियों एवं इससे जुड़े कारीगरों को कुचलने के लिए जजिया कर जैसा काला कानून बनाया है। देश के लाखों लोग गैर ब्रांडेड आभूषण के निर्माण से जुड़े हैं जबकि मुट्ठी भर लोग ब्रांडेड व्यवसाय कर रहे हैं। स्वर्ण व्यवसायी राजकुमार वर्मा ने कहा कि लाखों कारोबारियों और इससे जुड़े कारीगरों की रोजी रोटी को बरकरार रखने के लिए सरकार को टैक्स वृद्धि वापस लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि नए एक्साइज टैक्स कानून से केवल व्यवसायी व कारीगर नहीं बल्कि आमलोगों पर भी बोझ पड़ेगा। सभी व्यवसायियों ने जिला स्तरीय स्वर्ण व्यवसायी संगठन बनाए जाने की आवश्यकता बताई। ताकि समस्याओं के समाधान की दिशा में सार्थक पहल हो सके। बैठक को मनीष पांडेय, विनोद भगत, राजीव कुमार, मुन्ना कुमार, मुकेश कुमार, अनिल साव, राजीव कुमार, शिवम भगत, महेन्द्र वर्णवाल, गोपाल वर्मा आदि ने संबोधित किया।


बाक्स
फोटो 06 जमुई- 10
कैप्शन- धरना पर बैठक व्यवसायी
तीन दिनों तक बंद रहेंगी सोने की दुकान
- टैक्स के विरोध में धरना पर बैठे व्यवसायी
झाझा, निज प्रतिनिधि : केन्द्र सरकार द्वारा बढ़ाए गए टैक्स के विरोध में शुक्रवार को झाझा के स्वर्ण व्यवसायी संघ ने अपनी-अपनी दुकानें बंद रखी। इस मौके पर सोना-चांदी व्यवसायी संघ के अध्यक्ष गोपाल वर्मा, गणेश लोहानी, रामोतार केशरी, सुजीत कुमार, शशि कुमार, शिब्लू माथूरी, रंजीत माथुरी आदि व्यवसायियों ने कहा कि सरकार के अत्यधिक कर के बोझ के विरुद्ध झाझा के सभी स्वर्णकार दुकानदारों एवं कारीगरों ने तीन दिवसीय बंदी की घोषणा की है। शुक्रवार की सुबह से ही सभी स्वर्ण दुकानदार अपनी-अपनी दुकानें बंद कर टेंट लगाकर दुकान के समक्ष धरना पर बैठ गए। व्यवसायियों ने निर्णय लिया कि जब तक केन्द्र सरकार इस काले कानून को वापस नहीं लेती है तब तक आन्दोलन जारी रहेगा। इस अवसर पर व्यवसायियों ने काला बिल्ला लगाकर भी विरोध किया।


इधर गिद्धौर प्रतिनिधि के अनुसार : जिला सर्राफा संघ के निर्देशानुसार शुक्रवार को भी गिद्धौर बाजार के सभी सर्राफा व्यवसायियों ने अपनी-अपनी दुकानें बंद रखी। इस दौरान प्रखंड के आभूषण व्यवसायियों ने सर्राफा संघ के कार्यालय में एक बैठक आयोजित कर केन्द्र सरकार द्वारा कर वृद्धि को लेकर विचार किया गया। इस मौके पर गिद्धौर सर्राफा संघ के उपाध्यक्ष भुनेश्वर लाल वर्णवाल, अध्यक्ष मनीष कुमार पांडेय, सचिव गोपाल स्वर्णकार, कोषाध्यक्ष श्याम सुंदर वर्णवाल, राधेश्याम स्वर्णकार, श्रवण कुमार वर्मा, सुरेन्द्र प्रसाद स्वर्णकार, अभिषेक भारती, शंभू प्रसाद स्वर्णकार, कपिलदेव स्वर्णकार , कारु स्वर्णकार, पंकज कुमार स्वर्णकार, विकास स्वर्णकार के अलावे संघ के सभी सदस्य मौजूद थे।

सोनो : शुक्रवार को स्वर्ण व्यवसायियों ने सरकार की नीति के विरोध में दुकानें बंद रखीं तथा प्रदर्शन किया। भोला प्रसाद वर्मा के नेतृत्व में सर्राफा दुकानदारों ने पहले तो बैनर-पोस्टर के साथ सोनो बाजार का परिभ्रमण किया और नारेबाजी की तथा बाद में व्यवसायियों का जत्था जमुई रवाना हुआ। इस संबंध में स्वर्णकार संघ के सदस्यों ने कहा कि स्वर्ण आभूषणों पर एक्साइज टैक्स तथा सरचार्ज बढ़ाए जाने के विरोध में यह प्रदर्शन किया जा रहा है। दुकानदारों ने यह भी बताया कि नन ब्रांडेड जेवरों पर भी टैक्स लगाए जाने से छोटे-छोटे दुकानदारों की दुकानदारी ही चौपट हो जाएगी। उक्त प्रदर्शन में संतलाल वर्मा, बैकुंठ प्रसाद वर्मा, मंटू कुमार वर्मा, महादेव प्रसाद वर्मा, श्याम कुमार सोनी, आनंद वर्मा, भैरव प्रसाद वर्मा, राजेन्द्र वर्मा, छोटेलाल वर्मा, मुन्ना वर्मा व विनोद वर्मा सहित बड़ी संख्या में व्यवसायी उपस्थित हुए।

Wednesday, 4 April 2012

जमुई में महंगी हुई जमीन

जमुई : जमुई में सरकारी सर्वे के बाद जमीन की कीमत महंगी हो गई है। एक तो पहले से ही उग्रवाद प्रभावित इलाकों से भाग कर जमुई में बसे लोगों ने जमीन की कीमत आसमान तक पहुंचा दी है। दूसरी ओर सरकार के निबंधन विभाग द्वारा लोगों के लिए जमीन खरीदना मुश्किल कर दिया है।
बीस लाख कट्ठा बिकेगी महाराजगंज की जमीन
विभाग से जो आंकड़े प्राप्त हुए हैं उसके अनुसार मुख्य सड़क से सटे जमीन को व्यवसायिक रुप में माना गया है। इसमें महाराजगंज, कल्याणपुर पश्चिम, खैरा मोड़ से मिर्चा मस्जिद तक, खैरा मोड़ से पैठान चौक तक, पैठान चौक से पुरानी बाजार तक और पैठान चौक से थाना चौक, महिसौड़ी चौक से महाराजगंज चौक तक की जमीन सबसे महंगी आंकी गई है। विभाग के अनुसार इन जगहों की जमीन पांच लाख रुपए प्रत्येक डिसमील यानी लगभग उन्नीस लाख रुपए कट्ठा कीमत रखी गई है। जबकि हांसडीह का डेढ़ लाख, कल्याणपुर पूरब का ढाई लाख, भछियार के बोधवन तालाब का तीन लाख, जवाहर हाईस्कूल के समीप दो लाख, बोधवन तालाब से पीडी मध्य विद्यालय का चार लाख, गरसंडा एवं नीमारंग की ओर जाने वाली सड़क का डेढ़ लाख, इस्लामनगर का दो लाख, नीमारंग व नारडीह का दो लाख, बिठलपुर व लगमा जमुनियाटांड़ का एक लाख, पुरानी बाजार का चार लाख तीस हजार, महिसौड़ी का चार लाख, संतजोसफ की ओर तीन लाख, संतजोसफ एवं नहर की ओर दो लाख, अतिथि पैलेस से कोर्ट मोड़ एवं पंचमंदिर तक तीन लाख, जय मां धर्म कांटा के समीप ढाई लाख प्रति डिसमील रखा गया है।
12 लाख रुपये कट्ठा बिकेगी झाझा पुरानी बाजार की जमीन
झाझा में विभाग ने सबसे अधिक पुरानी बाजार की जमीन को आंकी है। विभाग ने बाबूबांक कला का ढाई लाख, नावाडीह का तीन लाख, पुरानी बाजार का तीन लाख बीस हजार, लाला टोली का दो लाख बीस हजार, पीपराडीह का दो लाख 80 हजार, खलासी मोहल्ला का दो लाख 80 हजार, चरघरा को दो लाख अस्सी हजार, सोहजना को दो लाख बीस हजार, बेजलपुर का एक लाख साठ हजार एवं डूमरपोखर का एक लाख साठ हजार प्रतिडिसमील जमीन की कीमत रखी है।
25 प्रतिशत अधिक का लगेगा स्टाम्प
जमीन की कीमत लगभग 25 प्रतिशत बढ़ जाने से अब जमीन रजिस्ट्री कराने के लिए स्टाम्प भी ज्यादा पैसे का लेना होगा। अगर आप महाराजगंज, कल्याणपुर, महिसौड़ी या पुरानी बाजार में एक कटठा जमीन खरीदते हैं तो लगभग दो लाख रुपए का स्टाम्प देना होगा। जमीन के वेल्यू का 11 प्रतिशत राशि का स्टाम्प पेपर खरीदना है। जिससे जमीन खरीदना जमुई के लोगों के लिए महंगा हो गया।
बाक्स
संपत्ति के प्राक्कलित मूल्य की सूची
(मकान-फ्लैट)
क्र. मकान का प्रकार मूल्य प्रति वर्ग फीट
1. डीलक्स संरचना 900
2. आरसीसी छत पक्का भवन (आधुनिक फिटिंग के साथ ) 800
3. एसबेसटस/टीन की छत वाला पक्का भवन 700
आरबीसी छत वाला पक्का भवन
4. पक्क भवन खपरैल अथवा फूस की छत 400
5. कच्ची दीवार खपरैली छत 200
6. चाहरदीवारी 150
7. अर्धनिर्मित लिंटर तक 300

अब शहरवासियों की हर रात होगी सुहानी



 जमुई : अब कच्ची नींद में जम्हाई लेकर करवटें बदलने के बजाए शकुन भरी नींद ले सकेंगे लोग। कानों में मच्छरों के सुरीली धून कम सुनाई देगी। यूं कहें कि गहरी नींद में कानों तक बीन बजाने मच्छर नहीं पहुंचेंगे और शहरवासियों की हर रात सुहानी होगी। दरअसल स्वास्थ्य विभाग ने 12 अदद फौगिंग मशीन की खरीदारी की है। इस मशीन से मेडिकेटेड धुआं फैलाया जाता है जिससे मच्छर मर जाते हैं। यद्यपि इस व्यवस्था का लाभ ग्रामीण इलाके के लोगों को भी मिलेगा। प्रायोगिक तौर पर बुधवार को शहर में फौगिंग मशीन का उपयोग भी किया गया। जिला प्रशासन की पहल पर फौगिंग मशीन की खरीदारी की गई है। जिलाधिकारी द्वारा एकीकृत कार्य योजना (आईएपी) मद से स्वास्थ्य विभाग को 37 लाख की राशि मुहैया कराई गई थी जिसमें 24 लाख की लागत से 12 मशीनों की खरीदारी की गई है। जर्मनी निर्मित फौगिंग मशीन में दो बड़े 101 एचपी के व दस छोटे मशीन हैं। बड़े एक मशीन की लागत दस लाख 35 हजार बताई जाती है। नगर परिषद ने मच्छर उन्मूलन अभियान चलाने की कवायद भी शुरू कर दी है। नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी अजय मिश्रा ने बताया कि इस कार्य के लिए नप के दो कर्मियों को प्रशिक्षित किया जा रहा है। शीघ्र ही शहरी क्षेत्रों में मच्छर उन्मूलन अभियान चलाया जाएगा। ग्रामीण इलाकों में छोटे मशीन का उपयोग होना है। सिविल सर्जन डॉ. चन्द्रेश्वर चौधरी ने बताया कि वीलेज हेल्थ सेनिटेशन कमेटी को उपलब्ध कराई गई राशि से पंचायतों में मच्छर उन्मूलन अभियान चलेगा।