Wednesday, 4 April 2012

अब शहरवासियों की हर रात होगी सुहानी



 जमुई : अब कच्ची नींद में जम्हाई लेकर करवटें बदलने के बजाए शकुन भरी नींद ले सकेंगे लोग। कानों में मच्छरों के सुरीली धून कम सुनाई देगी। यूं कहें कि गहरी नींद में कानों तक बीन बजाने मच्छर नहीं पहुंचेंगे और शहरवासियों की हर रात सुहानी होगी। दरअसल स्वास्थ्य विभाग ने 12 अदद फौगिंग मशीन की खरीदारी की है। इस मशीन से मेडिकेटेड धुआं फैलाया जाता है जिससे मच्छर मर जाते हैं। यद्यपि इस व्यवस्था का लाभ ग्रामीण इलाके के लोगों को भी मिलेगा। प्रायोगिक तौर पर बुधवार को शहर में फौगिंग मशीन का उपयोग भी किया गया। जिला प्रशासन की पहल पर फौगिंग मशीन की खरीदारी की गई है। जिलाधिकारी द्वारा एकीकृत कार्य योजना (आईएपी) मद से स्वास्थ्य विभाग को 37 लाख की राशि मुहैया कराई गई थी जिसमें 24 लाख की लागत से 12 मशीनों की खरीदारी की गई है। जर्मनी निर्मित फौगिंग मशीन में दो बड़े 101 एचपी के व दस छोटे मशीन हैं। बड़े एक मशीन की लागत दस लाख 35 हजार बताई जाती है। नगर परिषद ने मच्छर उन्मूलन अभियान चलाने की कवायद भी शुरू कर दी है। नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी अजय मिश्रा ने बताया कि इस कार्य के लिए नप के दो कर्मियों को प्रशिक्षित किया जा रहा है। शीघ्र ही शहरी क्षेत्रों में मच्छर उन्मूलन अभियान चलाया जाएगा। ग्रामीण इलाकों में छोटे मशीन का उपयोग होना है। सिविल सर्जन डॉ. चन्द्रेश्वर चौधरी ने बताया कि वीलेज हेल्थ सेनिटेशन कमेटी को उपलब्ध कराई गई राशि से पंचायतों में मच्छर उन्मूलन अभियान चलेगा।

Monday, 2 April 2012

प्रखंड स्तरीय सांस्कृतिक प्रतियोगिता संपन्न



सोनो, (जमुई) निज प्रतिनिधि : सोमवार को सोनोवासियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का लुत्फ उठाया। मौका था नेहरु युवा केन्द्र जमुई एवं बीडी नवनीत क्लब बलथर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित सांस्कृतिक प्रतियोगिता का। उच्च विद्यालय सोनो के प्रांगण में आयोजित उक्त प्रतियोगिता का उद्घाटन विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक अरुण देवराय व प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी राजेन्द्र दास ने संयुक्त रुप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस मौके पर प्रधानाध्यापक अरुणदेव राय ने कहा कि समाज का सर्वागीण विकास तभी संभव है जब हम अपने सांस्कृतिक मूल्यों को समझें। ऐसे कार्यक्रमों से हमारी सांस्कृतिक पहचान और भी सबल व प्रबल होती है। गायन में महेश्वरी के मुकेश पांडेय, लोकनृत्य में सोनाली, नुक्कड़ नाटक में अनुपम कुमारी ने प्रथम स्थान हासिल किया। शिवम, राकेश, तसर्रुफ प्रवीण, अनीता कुमारी, आलोक तथा रानी कुमारी का प्रदर्शन भी सराहनीय रहा। इस मौके पर रामसागर प्रसाद सिंह, महेन्द्र कुमार वर्मा, सीताराम यादव, राष्ट्रीय युवा कोर इंदु कुमारी, राजबाला सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे। निर्णायक की भूमिका में अमरनाथ पांडेय व पप्पू राम उपस्थित थे जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रभारी प्रअ अरुणदेव राय व मंच संचालन बीडी नवनीत क्लब के सचिव रणजीत सिंह ने किया।

Saturday, 31 March 2012

धूमधाम से मनाई गई रामनवमी



जमुई, जागरण प्रतिनिधि : शनिवार को रामनवमी के अवसर पर रामभक्त हनुमान की पूजा की गई। इस मौके पर जिले भर में ध्वजारोहण किया गया। विभिन्न हनुमान मंदिरों में श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की। सुबह से ही मंदिरों में भीड़ लगी रही। दोपहर बाद विभिन्न स्थानों से रामनवमी का जुलूस निकाला गया। पुरानी बाजार से श्री सनातन महावीर दल, महाराजगंज, महिसौड़ी आदि स्थानों से भी गाजे-बाजे के साथ जुलूस निकाली गई। जुलूस में कलाकारों ने लाठी, तलवार आदि के करतब दिखाए।
झाझा, प्रतिनिधि के अनुसार : शनिवार को प्रखंड में रामनवमी पर्व काफी धूमधाम से मनाई गई। पर्व को लेकर श्रद्धालुओं ने बांस, पताखा आदि की खरीदारी भी की। ऐसे कई जगहों पर रविवार को रामनवमी पर्व मनाया जाएगा।
सरौन, प्रतिनिधि के अनुसार : चकाई प्रखंड के विभिन्न जगहों पर शनिवार को रामनवमी को लेकर भक्तजनों द्वारा बजरंगबली का ध्वजारोहण का कार्यक्रम किया गया।
सिमुलतला, प्रतिनिधि के अनुसार : सिमुलतला क्षेत्र के विभिन्न गांवों में रामनवमी को लेकर भक्तों ने भगवान राम की पूजा-अर्चना की एवं ध्वजारोहण किया।

Monday, 19 March 2012

बूझ गया ललन का चिराग


लक्ष्मीपुर निवासी ललन साव को नहीं मालूम था कि सोमवार का सूरज उसके वंश का चिराग ही बुझा डालेगा। ललन दंपती के दो मासूम बच्चों मौसम कुमार और मोहित कुमार की सड़क दुर्घटना में हुई मौत के बाद अब उस दंपत्ती के वंश को आगे बढ़ाने वाला कोई नहीं रहा। शायद यह सोचकर उक्त दंपती परिवार के साथ-साथ आसपास के लोगों के आंखें भी छलकने से नहीं रुकती। मिली जानकारी के अनुसार ललन दंपती ने अपने दो संतान के बाद बंध्याकरण करा लिया था। परंतु उसे क्या मालूम था कि उसके अंतिम समय में उसे मुखाग्नि देने वाला भी कोई नहीं बचेगा। बताते चलें कि सोमवार को लक्ष्मीपुर थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर पेट्रोल पंप के नजदीक तेज रफ्तार से आ रही एक ट्रक ने मौसम और मोहित के साथ तीन छात्रों को कुचल डाला। तीनों मासूम स्थानीय एसएसबीएम स्कूल के छात्र थे। सोमवार को तीनों अपने-अपने घर से स्कूल के लिए नियत समय पर निकले। परंतु बाल स्वभाव के कारण तीनों स्कूल न जाकर यूं ही अपना समय खेल में बीता रहे थे। अचानक लगी प्यास ने उन तीनों को सड़क किनारे लगे चापाकल पर खड़ा कर दिया। इसी बीच सामने से आ रहे एक ट्रक के चालक ने अपना संतुलन खो दिया और तीनों को अपने चपेट में ले लिया।

छीन गया गरीब अजय का सहारा
लक्ष्मीपुर : गरीब अजय दंपती को शायद नहीं मालूम था कि जिस मासूम को अपना सहारा समझ कर वह दिनरात मेहनत कर उसके भविष्य को संवारने में अपना सबकुछ लगा दिया था। काल के कुचक्र ने अचानक उससे उसके मासूम दस वर्षीय अंशु को छीन लेगा। बेटा रे तोहरा लिए कि नाय करलियो .. बार-बार इसी चित्कार के साथ अंशु की मां मृतक अंशु को अपने गले लगाने का प्रयास करती लेकिन बेहोश हो जाती। बताते चलें कि मृतक अंशु का पिता मेहनत मजदूरी कर अपनी पत्‍‌नी के साथ तीन मासूम बच्चों का भरण-पोषण करता था। अजय मानसिक रुप से थोड़ा कमजोर है। उक्त दंपती ने अपने बड़े बेटे अंशु को लेकर सपनों का घरोंदा बना रखा था परंतु उसे क्या पता था कि अचानक उसके सपनों का घरोंदा टूट जाएगा और अंशु उसे छोड़ जाएगा। मालूम हो कि सड़क दुर्घटना में एक ट्रक ने अंशु सहित तीन बच्चों को कुचल डाला था।

Monday, 27 February 2012

पांच दिनों में पांच करोड़ का व्यापार!

मैट्रिक परीक्षा आते ही दुकानदारों के चेहरों पर रौनक आ गई है। पांच दिनों की मैट्रिक परीक्षा में अनुमान के अनुसार पांच करोड़ से अधिक रुपये का व्यापार जिले के बाजारों में हुआ है। 22 फरवरी से 28 फरवरी तक आयोजित मैट्रिक परीक्षा में लगभग 25 हजार छात्र-छात्राएं विभिन्न परीक्षा केन्द्रों पर शामिल हुई हैं। यदि एक परीक्षार्थी औसतन दो हजार रुपये ही परीक्षा के दौरान खर्च करते हैं तो व्यापार का आंकड़ा पांच करोड़ रुपये तक पहुंच जाता है।
अर्थशास्त्र के विशेषज्ञ सह केकेएम कॉलेज के प्राध्यापक डा. सुरेन्द्र सिंह ने आसा व्यक्त करते हुए कहा कि यकीनन, यह जिले के बाजार का पहला उत्सव है। इसमें हर वर्ग के व्यवसायियों की आमदनी में कई गुणा इजाफा हुआ है। वह चाहे भोजनालय हो या फिर ठहरने का स्थान। सभी जगहों पर हाउस-फुल का बोर्ड लगा है। खासकर वाहन मालिकों की चांदी कट रही है। जमुई तथा झाझा शहर के बाजारों में देर शाम तक रौनक नजर आती है। उनकी मानें तो इस तरह के व्यापार से छोटे बाजारों की अर्थव्यवस्था पर सकारात्मक असर पड़ता है। उन्होंने कहा कि आमलोगों की जेब से पांच करोड़ रुपये अनुमान के मुताबिक बाजारों तक पहुंचना व्यवसायियों के लिए एक सुखद संदेश है। यह जिले के आर्थिक विकास में सहायक साबित होगा।

Tuesday, 21 February 2012

विकलांग गोरख ने सौंपी तस्वीर फोटो


 दोनों हाथ से विकलांग गोरख के जुनून को दाद देनी होगी। उस विकलांग गोरख के हाथों बने अपनी तस्वीर को देख मुख्यमंत्री भी दंग रह गए। जिसे गोरख ने 22 वें जिला स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को सौंपा था। मुख्यमंत्री श्री कुमार ने गोरख की पीठ थपथपाते हुए हौसला अफजाई की साथ ही अपने सुरक्षा गार्ड को तस्वीर गाड़ी में रखने का निर्देश दिया। इसके पूर्व भी पटना में आयोजित शिक्षा दिवस के मौके पर लगी चित्रकला प्रदर्शनी में गोरख द्वारा बनाए गए चित्रों को मुख्यमंत्री द्वारा सराहा गया था और शिक्षा विभाग द्वारा सम्मानित भी किया गया था। विकलांग गोरख को साक्षरता विभाग द्वारा दिवाल लेखन का दायित्व सौंपा गया है और इस कार्य से होने वाली आमदनी ही उसके जीवकोपार्जन का सहारा है

बिहार से निकली है उम्मीद की किरण


 सूबे के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार से दुनिया भर के पिछड़े इलाके के लिए उम्मीद की किरण निकली है, जिसे दुनिया भर के विद्वान व अर्थशास्त्रियों ने एक स्वर में स्वीकारा है। मुख्यमंत्री मंगलवार को जमुई स्टेडियम में जिले के 22वें स्थापना दिवस सह स्व. श्रीकृष्ण सिंह जयंती समारोह पर आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में विकास की गति कभी धीमी नहीं पड़ेगी। केन्द्र के असहयोग के बावजूद बिहारी पुरुषार्थ का ही नतीजा है कि बिहार विकास के पथ पर निरंतर आगे बढ़ रहा है। सूबे के माहौल में परिवर्तन आया है। साथ ही बिहारियों की इज्जत बढ़ गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब नेपाल में भी सकारात्मक माहौल बन रहा है। वहां जल प्रबंधन और पन बिजली तैयार कर बेचा जाएगा। नेपाल से हम बिजली खरीद कर इस समस्या का निदान करेंगे। केन्द्र के रवैये की आलोचना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 100 साल बाद भी बिहार बिजली के मामले में आत्मनिर्भर नहीं बन पाया। निजी क्षेत्र के लोग बिहार में बिजली संयंत्र लगाना चाह रहे हैं पर उन्हें भी कोल लिंकेज नहीं दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि महान स्वतंत्रता सेनानी श्रीकृष्ण सिंह के संघर्षो से ही जमुई को पहचान मिली है और हम पूर्वजों के सपनों को साकार करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिहार के हर जिले व हर क्षेत्र के सामेकित विकास पर ध्यान दिया जा रहा है। इससे पहले मुख्यमंत्री ने श्री कृष्ण सिंह मेमोरियल स्टेडियम के अलावा 452 करोड़ 66 लाख की 114 योजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास बटन दबा कर किया। साथ ही जिले के स्थापना दिवस पर एक स्मारिका का विमोचन किया। उन्होंने श्रीकृष्ण मेमोरियल स्टेडियम के निर्माण पर खुशी जाहिर करते हुए शेष बचे कार्यो को पूर्ण कराने की जिम्मेदारी जिला प्रभारी मंत्री डॉ. भीम सिंह को सौंपी और कहा कि तीन महीने के अंदर कार्य को पूरा कर सरकार को सूचित करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि जमुई में शीघ्र महिला कॉलेज खोला जाएगा। साथ ही उन्होंने रक्सा-बोझायत-बरनार नदी पर तकरीबन आठ करोड़ की लागत से पुल निर्माण की मंजूरी दी। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सूबे के कृषि मंत्री नरेन्द्र सिंह ने कहा कि कृषि कैबिनेट का गठन इतिहास के पन्ने में लिखा जाएगा। ग्रामीण कार्य व पंचायती राज मंत्री सह जिला प्रभारी मंत्री डॉ. भीम सिंह ने कहा कि चार वर्षो में 250 आबादी वाले हर गांव को सड़क से जोड़ दिया जाएगा। बाद में 100 की आबादी वाले गांव की भी सड़कें जुड़ेंगी। उन्होंने कहा कि सरकार ने पंचायतों को क्रियाशील किया है। बांका सांसद पुतुल कुमारी ने धन्यवाद ज्ञापन किया, जबकि मंच संचालन जदयू के प्रदेश महासचिव राजेश सिंह ने किया। कार्यक्रम को जमुई के सांसद भूदेव चौधरी, विधायक अजय प्रताप, चकाई विधायक सुमित कुमार सिंह, जदयू जिलाध्यक्ष ई. शंभूशरण, भाजपा जिलाध्यक्ष नवल किशोर सिंह ने भी संबोधित किया। इस मौके पर जिप अध्यक्ष ब्रह्मादेव रावत, पुल निगम के निदेशक विपिन कुमार, भागलपुर रेंज के आइजी एके अम्बेडकर, डीआइजी मुंगेर अनिल किशोर यादव, जिलाधिकारी मयंक वरबड़े, पुलिस अधीक्षक उपेन्द्र कुमार शर्मा, जदयू नेत्री सुनीता कुमारी, जिप सदस्य सावित्री देवी, प्रो. शुकदेव ठाकुर आदि मौजूद थे।